Big Breaking: शायर मुनव्वर राना को अंतिम विदाई देने लखनऊ पहुंचे जावेद अख्तर! जनाजे को दिया कंधा, बोले- ’हिंदुस्तान की तहजीब का बड़ा नुकसान’
लखनऊ। मशहूर शायर मुनव्वर राना का रविवार को निधन हो गया। सोमवार को गीतकार जावेद अख्तर लखनऊ पहुंचे और शायर मुनव्वर राना के जनाजे को कंधा दिया। इस मौके पर जावेद साहब बहुत भावुक नजर आए और उन्होंने मुनव्वर राना के निधन को ‘हिंदुस्तान की तहजीब का नुक्सान’ बताया। बता दें कि 71 साल की उम्र में अंतिम सांस लेने वाले मुनव्वर, देश के नामी शायरों में से एक थे। वो पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे और लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। जावेद अख्तर सोमवार को मुनव्वर के अंतिम संस्कार में शामिल होने लखनऊ पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय राना के जनाजे को कंधा भी दिया। वहां मौजूद मीडियाकर्मियों से बात करते हुए जावेद ने कहा कि हकीकत ये है कि बड़ा नुकसान हुआ है शायरी का। उर्दू का और हिंदुस्तान की तहजीब का। कहा कि पहले राहत इंदौरी, फिर निदा फाजली और मुनव्वर राना जैसे शायरों के निधन से हिंदुस्तानी तहजीब ‘धीरे-धीरे जा रही है। उन्होंने कहा कि इसकी भरपाई तो मुझे नहीं लगता कि हो पाएगी। जावेद अख्तर ने मुनव्वर के परिजनों के लिए भी संवेदनाएं जाहिर की और कहा कि मुनव्वर ‘याद आएंगे और उनकी कमी हमेशा रहेगी।