बिग ब्रेकिंगः पकड़ा गया बुल्ली बाई ऐप केस का मुख्य आरोपी! दिल्ली पुलिस ने असम से किया गिरफ्तार, बीटेक का छात्र है आरोपी
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस को बुल्ली बाई ऐप केस में बड़ी सफलता मिली है। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को असम से गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस उसे दिल्ली लेकर आने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि दिल्ली पहुंचने के बाद पुलिस उससे और पूछताछ करेगी, जिसके बाद कई और खुलासे होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं इस मामले में पहले ही मुंबई पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में उत्तराखण्ड से भी एक युवती और एक युवक की गिरफ्तारी हुई है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की आईएफएसओ टीम ने यह कार्यवाही की है। इस मामले की जानकारी डीसीपी (आईएफएसओ) केपीएस मल्होत्रा ने दी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की आईएफएसओ टीम ने असम से मुख्य आरोपी नीरज बिश्नोई को गिरफ्तार किया है। डीसीपी ने बताया कि ये बुल्ली बाई ऐप का मुख्य साजिशकर्ता, क्रिएटर और ऐप का मेन ट्विटर अकाउंट होल्डर है। उसे दिल्ली लाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी नीरज बिश्नोई की उम्र सिर्फ 20 साल है और वो बीटेक का छात्र है। नीरज बिश्नोई असम के जोरहाट जिले के दिगंबर इलाके का रहने वाला है। नीरज भोपाल के वेल्लोर इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी का छात्र है। बता दें कि पुलिस इससे पहले इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सिविल इंजीनियरिंग के छात्र विशाल झा को बेंगलुरु, श्वेता सिंह को उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर और उत्तराखंड के कोटद्वार से मयंक रावत को गिरफ्तार किया जा चुका है।