बिग ब्रेकिंगः ओमिक्रोन की रफ्तार ने बढ़ाई चिंता! तमिलनाडु में एक ही दिन 33 केस, देश में 300 का आंकड़ा नजदीक
नई दिल्ली। भारत में ओमिक्रोन वैरिएंट के मामले तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, लगातार बढ़ रहे मामलों से सरकार, स्वास्थ्य विभाग और आमजन परेशान है। ताजा आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो देश में ओमीक्रोन के मामले 300 के आंकड़े छूने वाले हैं। बता दें कि ओमिक्रोन वैरिएंट देश के 17 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में फैल चुका है। गुरुवार को तमिलनाडु में 33 नए केस सामने आए। इसके साथ ही देश में इस वेरिएंट से संक्रमण के कुल मामले 290 पहुंच चुके हैं। तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री एम. सुब्रमण्यन ने बताया कि सूबे में 33 नए ओमीक्रोन केस आने के साथ इसके कुल मामले 34 हो गए हैं। राजधानी चेन्नै में ही ओमीक्रोन के 26 ममले आए हैं। मदुरै में 4, तिरुवनमलाई में 2 और सलेम में इसका 1 मामला सामने आया है। सुब्रमण्यन ने बताया कि हाल के दिनों में सूबे में विदेश से आए 104 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
ओमीक्रोन ने बुधवार को हरियाणा में भी दस्तक दे दी और पहले ही दिन सूबे में 6 नए केस आए। बुधवार को तेलंगाना में ओमीक्रोन के 14, केरल में 9, राजस्थान में 4, दिल्ली में 3, पश्चिम बंगाल में 2 और आंध्र प्रदेश में 1 नया केस आया। हरियाणा के हेल्थ ऐंड फैमिली वेलफेयर मिनिस्टर अनिल विज ने बुधवार को विधानसभा में बताया कि गुड़गांव और फरीदाबाद में ओमीक्रोन के 3-3 मामले सामने आए हैं। गुड़गांव के तीनों मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री है जो ब्रिटेन से वाया दुबई भारत लौटे थे। तेलंगाना में बुधवार को मिले सभी 14 नए केस मेडिकल टूरिस्ट्स के हैं। उनमें से 2 ब्रिटेन से आए हैं जबकि 12 केन्या और सोमालिया से आए हैं।