बिग ब्रेकिंगः एसआईआर और मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का हल्लाबोल! जंतर-मंतर पर भारी पुलिस तैनाती
नई दिल्ली। चुनाव आयोग और स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई। पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी, लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शन के लिए लोग जंतर-मंतर की ओर पहुंचे। इसी दौरान आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारियों की ओर से SIR के दौरान मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को उठाया जा रहा है। आयोजकों ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उन्हें पद से हटाने की मांग की है। प्रदर्शन का आह्वान ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), राज्यसभा सांसद मनोज झा और सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण समेत अन्य संगठनों और लोगों की ओर से किया गया था। इन आरोपों पर चुनाव आयोग ने अपनी प्रक्रियाओं का बचाव किया है और मतदाता सूची से जुड़े विवादों पर समीक्षा की प्रक्रिया भी शुरू की है। प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया तथा कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई। जंतर-मंतर रोड समेत आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लगाए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जंतर-मंतर पर किसी भी प्रदर्शन या मार्च की अनुमति नहीं दी गई है। टॉल्स्टॉय मार्ग, अशोक रोड और प्रदर्शन स्थल के आसपास भी सुरक्षा बढ़ाई गई। पुलिस और प्रशासन की ओर से भीड़ की स्थिति को देखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है। प्रदर्शन को लेकर मध्य दिल्ली में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई और लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई।
11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने 11 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास अस्थायी रूप से बंद कर दिया। इनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली स्टेशन शामिल हैं। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय जैसे प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रखी गई। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने और प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई। जंतर-मंतर पहुंचने के बाद पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन में शामिल होने से रोका और हिरासत में ले लिया। उनके साथ पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
दिल्ली के साथ मुंबई में भी प्रदर्शन
चुनाव आयोग और SIR को लेकर दिल्ली के अलावा मुंबई में भी प्रदर्शन का आह्वान किया गया। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मुंबई में CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन की घोषणा की थी। मुंबई पुलिस ने पहले शिवाजी पार्क में प्रस्तावित कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद संगठन की ओर से आंदोलन जारी रखने की बात कही गई। वहीं, विपक्षी INDIA ब्लॉक ने भी 2 से 8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर ‘सेव डेमोक्रेसी’ मार्च आयोजित करने की घोषणा की है। इसके तहत 6 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों के चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च का कार्यक्रम भी घोषित किया गया है। इन कार्यक्रमों के जरिए विपक्षी दल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची और SIR से जुड़े सवालों को सार्वजनिक रूप से उठाने की तैयारी में हैं। फिलहाल दिल्ली के जंतर-मंतर और मध्य दिल्ली के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है।