बिग ब्रेकिंगः आरबीआई ने दी बड़ी राहत! अब 7 अक्टूबर तक बदल सकेंगे 2 हजार के नोट
नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक ने 2 हजार रुपए के नोट बदलने की समय सीमा बढ़ा दी है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने एक अधिसूचना में कहा चूंकि निकासी प्रक्रिया के लिए निर्दिष्ट अवधि समाप्त हो गई है, और एक समीक्षा के आधार पर 2000 रुपये के बैंक नोटों को जमा/विनिमय करने की वर्तमान व्यवस्था को 07 अक्टूबर 2023 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। रिजर्व बैंक ने 1 सितंबर को कहा था कि 19 मई को चलन में थे 2000 रुपये के 93 फीसदी नोट बैंकों में वापस आ गए हैं। एक बयान में कहा गया, बैंकों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 31 अगस्त, 2023 तक प्रचलन से वापस प्राप्त 2000 रुपये के बैंक नोटों का कुल मूल्य 3.32 लाख करोड़ रुपये है। नतीजतन, 31 अगस्त, 2023 को कारोबार की समाप्ति पर प्रचलन में 2000 रुपये के बैंक नोट 0.24 लाख करोड़ रुपये थे। इस प्रकार, 19 मई, 2023 तक प्रचलन में 2000 रुपये के 93 प्रतिशत बैंकनोट वापस आ गए हैं।