बिग ब्रेकिंगः पाकिस्तान में फिर आतंकी हमला! हथियारों से लैस आतंकी वायुसेना के अड्डे में घुसे, 3 लड़ाकू विमानों को जलाया
नई दिल्ली। पाकिस्तान में एक बार फिर आतंकी हमला होने की खबर सामने आई है। यहां वायुसेना के बेस को आतंकियों ने निशाना बनाया है। जानकारी के अनुसार आत्मघाती हमलावरों सहित भारी हथियारों से लैस 6 आतंकी पंजाब के मियांवाली स्थित पाकिस्तान वायु सेना के अड्डे में घुस गए।
फिलहाल दोनों तरफ से जबरदस्त फायरिंग हो रही है और इसका वीडियो भी सामने आया है जिसमें एयरबेस के अंदर आग की भारी लपटें नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि अभी तक एक हमलावर मारा गया है। तहरीक-ए-जिहाद नाम के संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
पाकिस्तानी सेना (ISPR) इस हमले को लेकर बयान जारी किया है जिसमें कहा गया है, '4 नवंबर, 2023 को तड़के पाकिस्तान वायु सेना के मियांवाली ट्रेनिंग एयर बेस पर असफल आतंकवादी हमले को कोशिश की गई। सैनिकों द्वारा तत्काल की गई जवाबी कार्रवाई की बदौलत हमले को नाकाम कर दिया गया जिससे जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
सुरक्षाकर्मियों ने असाधारण साहस का परिचय देते हुए 3 आतंकवादियों को बेस में घुसने से पहले ही मार गिराया गया, जबकि बचे हुए 3 आतंकवादियों को सैनिकों द्वारा घेर लिया गया है। हालांकि हमले के दौरान पहले से ही ज़मीन पर खड़े तीन लड़ाकू विमानों को भी नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र को पूरी तरह से खाली कराने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया गया है।