बिग ब्रेकिंगः राज्यसभा के लिए टीएमसी ने किया चार नामों का ऐलान! लिस्ट में पत्रकार सागरिका घोष का नाम भी शामिल
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस पार्टी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। टीएमसी की तरफ से से सुष्मिता देव को राज्यसभा भेजा जाएगा। इसके अलावा पत्रकार सागरिका घोष, ममता बाला ठाकुर और सांसद नदीमुल हक के नाम सूची में शामिल हैं। टीएमसी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट में लिखा कि हमें आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए सागरिका घोष, सुष्मिता देव, सांसद मो नदीमुल हक और ममता बाला ठाकुर की उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। हम उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं और आशा करते हैं कि वे हर भारतीय के अधिकारों के लिए अदम्य भावना और वकालत की तृणमूल की स्थायी विरासत को बनाए रखने की दिशा में काम करेंगे।’ टीएमसी के इन चार राज्यसभा उम्मीदवारों की बात करें तो इनमें सुष्मिता देव पहले भी तृणमूल कांग्रेस की सांसद रह चुकी हैं। साल 2021 में कांग्रेस से ममता बनर्जी की पार्टी में शामिल होने के बाद टीएमसी से उन्हें राज्यसभा भेजा था। उनका कार्यकाल कुछ वक्त पहले ही समाप्त हुआ है। नदीमुल हक भी पार्टी के राज्यसभा सांसद हैं। ममता ठाकुर मतुआ समुदाय की धार्मिक ‘मां’ हैं जिन्होंने 2019 में बनगांव सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ा था लेकिन बीजेपी के शांतनु ठाकुर ने उन्हें शिकस्त दी थी। वहीं सागरिका घोष जानी-मानी पत्रकार और लेखिका हैं।