बड़ी खबरः विवादों से घिरा रहा आईपीएल का 43वां मैच! विराट कोहली ने नवीन उल हक को दिखाया जूता, मैच के बाद और बिगड़ा माहौल
नई दिल्ली। सोमवार को हुआ आईपीएल का 43वां मैच विवादों से घिरा रहा। लखनऊ सुपरजायंट्स और रायल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच हुए मैच के दौरान विराट कोहली का अमित मिश्रा और नवीन उल हक के साथ विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बड़ा कि मैच के बाद माहौल गरमा गया। इस दौरान अन्य खिलाड़ियों और अंपायरों को बीच बचाव करना पड़ा। इस घटना की शुरुआत लखनऊ की पारी के 17वें ओवर में हुई जहां कोहली को मैदानी अंपायर्स से बातचीत करते हुए देखा गया। अंपायर्स कोहली को शांत करने की कोशिश कर रहे थे। अगले ओवर में प्रसारणकर्ता ने पूरा फुटेज चलाया, जहां कोहली को कुछ बोलते हुए देखा गया और नवीन इस पर पलटवार करते हुए नजर आए। कोहली ने कुछ कहा और फिर नवीन को निशाना बनाते हुए अपना जूता दिखाया। यह स्पष्ट नहीं हो सका कि कोहली ने क्या कहा, लेकिन उनके कद के खिलाड़ी का जूता दिखाना और युवा खिलाड़ी को उंगली दिखाकर बात करना अच्छा दृश्य नहीं दिखा। अंपायर्स ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। बाद में कोहली को अनुभवी अमित मिश्रा को बुरा-भला कहते हुए सुना जबकि अंपायर बीच में खड़े थे कि लड़ाई रुक जाए। फुटेज में वो हिस्सा भी शामिल है जहां कोहली ने मिश्रा को शांत रहने की चेतावनी दी और तभी अफगानिस्तान के खिलाड़ी ने आरसीबी के पूर्व कप्तान को एक नजर देखा। मैच समाप्त होने के बाद खिलाड़ी हाथ मिलाने के लिए आमने-सामने आए। कोहली और नवीन ने हाथ मिलाए, लेकिन तभी दोनों के बीच फिर शब्दों के बाण चले। कोहली ने पहले ध्यान नहीं दिया और अगले खिलाड़ी से हाथ मिलाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन नवीन के लगातार बोलने पर वो पीछे मुड़े और दोनों के बीच गहमा-गहमी हुई।