बड़ी खबरः पीएम की सुरक्षा में चूक का मामला! सुप्रीम कोर्ट के वकीलों के पास आया अनजान कॉल, केस की सुनवाई न करने की दी धमकी
नई दिल्ली। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा में चूक के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया कि इस मामले की जांच पूर्व जज की अध्यक्षता में गठित एक स्वतंत्र जांच समिति करेगी। उधर इस मामले में एक नया मोड़ सामने आया है बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट के कई वकीलों के पास ब्रिटेन के अनजान नंबर से कॉल आया है। इस ऑटोमेटिड काल को पहले से रिकॉर्ड किया गया था। कॉल पर वकीलों को धमकी दी गई है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में सेंध के मामले की सुनवाई न करें। यह कॉल सोमवार सुबह 10.50 बजे आया। कॉल करने वाले ने खुद को अमेरिका के 'सिख्स फॉर जस्टिस' का प्रमुख वकील बताया। उसने जिम्मेदारी ली कि SFJ ने ही पिछले हफ्ते पंजाब के फिरोजपुर में फ्लाईओवर को ब्लॉक किया था, जहां पीएम मोदी का काफिला फंस गया था। सूत्रों के मुताबिक, कॉल करने वाले ने धमकी दी कि अभी तक सुप्रीम कोर्ट ने 1984 के सिख दंगों के अपराधियों के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया है इसलिए, पीएम मोदी की सुरक्षा में सेंध की सुनवाई नहीं होनी चाहिए।