बड़ी खबरः फर्जी सीबीआई अफसर बनकर बिजनेसमैन के घर पर मारा छापा! 30 लाख रुपए कैश और ज्वेलरी लूटी, मामले की जांच में जुटी पुलिस
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां राजधानी कोलकाता में फिल्मों की तर्ज पर कुछ लोगों ने नकली सीबीआई अफसर बनकर एक बिजनेसमैन के घर पर छापा मार दिया। इस दौरान फर्जी अफसर बनकर आए लोगों ने 30 लाख रुपए कैश और ज्वेलरी लूट ली। घटना भवानीपुर इलाके की है। विक्टिम सुरेश वाधवा ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई, तब मामले का खुलासा हुआ। बिजनेसमैन की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। वाधवा ने बताया कि सोमवार सुबह 8 बजे 7-8 लोग CBI अफसर बनकर उनके घर पहुंचे और कहा कि वे रेड डालने आए हैं। ये लोग पुलिस स्टिकर लगीं तीन गाड़ियों में आए थे। जब सुरेश ने घर का दरवाजा खोला तो सभी लोग खुद को CBI अफसर बताकर घर के अंदर घुस आए। वाधवा ने उनसे आईडी कार्ड दिखाने को कहा, लेकिन किसी ने भी उनकी बात का जवाब नहीं दिया। विक्टिम के मुताबिक, नकली CBI अफसर 30 लाख रुपए कैश और लाखों की ज्वेलरी लेकर चले गए। इन लोगों ने जब्त किए सामान की लिस्ट भी बनाई, लेकिन विक्टिम से कहा कि ये लिस्ट उन्हें बाद में भेजी जाएगी। उन्होंने विक्टिम से ये भी कहा कि उन्हें बयान देने के लिए दफ्तर बुलाया जाएगा। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि नकली CBI अफसर बनाकर आए सभी लोग ऊंची कद-काठी के थे और रेड के दौरान लाठी लिए हुए थे। पुलिस को शक है कि इस मामले में घर में रहने वाले लोगों या बिजनेसमैन वाधवा के करीबी लोगों का हाथ हो सकता है। पुलिस ने बताया कि हम वाधवा रेजिडेंस के नौकरों और उनके फार्म के कर्मचारियों से बात कर रहे हैं। आरोपियों को पता था कि वाधवा घर में कैश और ज्वेलरी कहां रखी है, यह जानकारी उन्हें किसी अंदर के शख्स से ही मिली होगी। इसलिए हम उस इलाके के CCTV फुटेज भी निकाल रहे हैं जिससे उन तीन गाड़ियों की पहचान हो सके जिसमें बैठकर आरोपी आए थे।