बड़ी खबरः कोरोना के बाद चीन में अब इस बीमारी ने मचाया कहर! मरीजों से खचाखच भरे अस्पताल, डब्ल्यूएचओ ने जारी किया अलर्ट
नई दिल्ली। कोरोना के बाद अब चीन में एक अजीब तरह के निमोनिया ने कहर मचाया हुआ है। इस बीमारी को एक नई महामारी के रूप में देखा जा रहा है। खबरों की मानें तो यहां के स्कूलों में रहस्यमय निमोनिया का प्रकोप फैल रहा है। बताया जा रहा है कि हालत ठीक वैसे ही बने हुए हैं जैसे कोरोना की शुरुआत में बने हुए थे। अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है।
बताया जा रहा है कि बीजिंग और लियाओनिंग शहर के अस्पतालों में बीमार बच्चों की तादात बढ़ती जा रही है। सबसे चिंता की बात यह है कि हेल्थ एक्सपर्ट और डॉक्टर भी इसके बारे में कुछ खास नहीं जानते हैं जिससे इलाज में भी परेशानी हो रही है। ऐसी खबरें हैं कि बढ़ते संकट को देखते हुए जल्द ही स्कूल बंद होने वाले हैं। चलिए जानते हैं कि चीन में फैल रहे निमोनिया के क्या लक्षण हैं और मौजूदा समय में इससे बचने के लिए क्या किया जा सकता है।
चीन में फैल रहे अजीब तरह के निमोनिया को लेकर वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) भी अलर्ट हो गया है। WHO ने बच्चों में श्वसन संबंधी बीमारियों और निमोनिया को लेकर चीन सरकार से पूरी रिपोर्ट मांगी है। चीनी अधिकारियों ने इस अजीब बीमारी के लिए COVID-19 से जुड़े प्रतिबंधों को हटाने और इन्फ्लूएंजा, माइकोप्लाज्मा निमोनिया (एक सामान्य जीवाणु संक्रमण जो आम तौर पर छोटे बच्चों को प्रभावित करता है), रेस्पिरेटरी सिंकाइटियल वायरस (आरएसवी), और SARS-CoV-2 जैसे ज्ञात रोगजनकों के प्रसार को जिम्मेदार ठहराया।