• Home
  • News
  • Big News: After Sonam and Siya, now Ruby from Agra is in the spotlight! She murdered her husband and buried the body in the bathroom; here is how the secret was revealed.

बड़ी खबरः सोनम और सिया के बाद अब आगरा की रूबी चर्चा में! पति की हत्या कर शव बाथरूम में दफनाया, ऐसे खुला राज

editor
  • Awaaz Desk
  • July 04, 2026 09:07 AM
Big News: After Sonam and Siya, now Ruby from Agra is in the spotlight! She murdered her husband and buried the body in the bathroom; here is how the secret was revealed.

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में रहने वाले 44 वर्षीय सुरेंद्र शर्मा की गुमशुदगी का मामला करीब डेढ़ महीने बाद हत्या में बदल गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सुरेंद्र का शव उनके ही घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफन मिला। इस मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी रूबी शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सुरेंद्र शर्मा 18 मई से लापता थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 26 मई को सिकंदरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इस दौरान परिवार के लोग रिश्तेदारों और परिचितों से लगातार संपर्क करते रहे, लेकिन सुरेंद्र का कहीं पता नहीं चला। गुमशुदगी के बाद पत्नी रूबी शर्मा लगातार यही कहती रहीं कि उनके पति कहीं गए हैं और जल्द वापस लौट आएंगे। लगभग 45 दिनों तक यही बात दोहराई जाती रही। हालांकि पुलिस को पूछताछ के दौरान उनके बयान और परिस्थितियों में कई विरोधाभास नजर आए। वहीं मृतक के भाई अनिल शर्मा को भी शुरू से ही कुछ गड़बड़ी का आभास हो रहा था। इसी बीच पुलिस एक अन्य मामले के सत्यापन के सिलसिले में दोबारा सुरेंद्र के घर पहुंची। पूछताछ के दौरान पत्नी का व्यवहार अधिकारियों को संदिग्ध लगा। इसके बाद घर की गहन तलाशी लेने का निर्णय लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस की नजर बाथरूम के फर्श पर गई, जहां सीमेंट का हिस्सा नया दिखाई दे रहा था। संदेह होने पर पुलिस ने फर्श तुड़वाया। सीमेंट हटने के बाद नीचे मिट्टी दिखाई दी और खुदाई शुरू की गई। कुछ ही देर बाद गड्ढे से सुरेंद्र शर्मा का शव बरामद हुआ। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और आसपास के लोग भी स्तब्ध रह गए।

हत्या के बाद फर्श बनवाने का आरोप
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी पत्नी ने बताया कि घटना से पहले ही बाथरूम में मरम्मत और खुदाई की तैयारी कर ली गई थी। आरोप है कि हत्या के बाद शव को गड्ढे में दफनाकर ऊपर से दोबारा सीमेंट डालकर नया फर्श तैयार कराया गया, ताकि किसी को इस घटना की भनक न लगे। हालांकि पुलिस का कहना है कि इन तथ्यों की पुष्टि फॉरेंसिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पड़ोसियों का कहना है कि कई बार दोनों के बीच झगड़े की आवाजें सुनाई देती थीं। कुछ लोगों का कहना है कि शराब पीने के बाद विवाद बढ़ जाता था। हालांकि हर बार दोनों इसे अपना निजी मामला बताकर पड़ोसियों को हस्तक्षेप करने से मना कर देते थे।

भाई के शक ने खोला राज
मृतक के भाई अनिल शर्मा का कहना है कि उन्हें शुरू से ही पत्नी की बातों पर भरोसा नहीं हो रहा था। उन्होंने बैंक रिकॉर्ड और अन्य जानकारियां जुटानी शुरू कीं तथा बार-बार सुरेंद्र के बारे में पूछताछ की। उनके अनुसार जब उन्होंने दोबारा घर पहुंचकर पूछा कि सुरेंद्र कहां हैं, तो कथित रूप से पत्नी ने पहले कहा कि वह घर में ही हैं और बाद में बताया कि उनका शव बाथरूम की फर्श के नीचे है। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कराई और शव बरामद कर लिया। पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या कब और कैसे हुई, क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी, बाथरूम में काम करने वाले मिस्त्री और मजदूरों को वास्तविकता की जानकारी थी या नहीं, तथा शव कितने दिनों तक वहीं दबा रहा। फिलहाल आरोपी पत्नी पुलिस हिरासत में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।


संबंधित आलेख: