बड़ी खबरः दिल्ली शराब घोटाले में एक और गिरफ्तारी! ईडी ने समीर महेंद्रू को अरेस्ट किया, फिर गरमा सकती है सियासत
नई दिल्ली। दिल्ली शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक और गिरफ्तारी की है। दूसरी गिरफ्तारी के बाद दिल्ली में सियासत गरमाने के साथ ही शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। इससे पहले सीबीआई ने मंगलवार को एक कारोबारी विजय नायर को गिरफ्तार किया था। शराब घोटाले मामले में दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत 16 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज है। आज ईडी ने शराब कारोबारी समीर महेंद्रू को हिरासत में लिया है। सीबीआई के मुताबिक नायर ने नई आबकारी नीति बनाने और शराब की सप्लाई और बिक्री को चंद कंपनियों तक सीमित करने की धांधली में अहम भूमिका निभाई थी। विजय नायर की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी (आप) ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। आप ने कहा है कि वह पार्टी के संचार प्रभारी हैं। नायर पहले पंजाब व अभी गुजरात में संचार रणनीतियों को विकसित करने व लागू करने के लिए जिम्मेदार हैं। आबकारी नीति से उनका कोई लेनादेना नहीं है। पार्टी ने कहा कि नायर को पिछले दिनों पूछताछ के लिए बुलाया गया था और उन पर मनीष सिसोदिया का नाम लेने का दबाव बनाया गया था। उन्होंने जब इन्कार किया तो उन्हें गिरफ्तारी की धमकी दी गई। एक महीने में उनके घर पर दो बार छापेमारी की गई, लेकिन कुछ नहीं मिला।