बड़ी खबरः कंझावला केस में एक और बड़ा खुलासा! आरोपियों को पता था अंजलि गाड़ी के नीचे फंसी थी, कार ने कई बार लिया यू-टर्न
नई दिल्ली। कंझावला केस में आज एक और बड़ा खुलासा हुआ है। खबरों की मानें तो आरोपियों ने गाड़ी के नीचे अंजलि के फंसे होने की बात कबूल कर ली है। आरोपियों ने कहा कि हादसे के बाद उन्होंने कई बार कार का यू-टर्न लिया, क्योंकि वे बहुत डर गए थे। यह भी बताया जा रहा है कि आरोपियों ने माना कि गाड़ी में तेज म्यूजिक चलने वाली कहानी झूठी थी।
गौरतलब है कि 31 दिसंबर की रात करीब 1.30 बजे कंझावला इलाके में अंजलि का एक्सीडेंट हुआ था। पुलिस के मुताबिक अंजलि स्कूटी से घर लौट रही थी। कार सवार 5 युवकों ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद युवक कार लेकर भाग निकले। अंजलि कार के नीचे फंसी रही। उसे 12 किमी तक घसीटा गया। पहले 4 किमी घसीटने की बात सामने आई थी। निधि हादसे के बाद मौके से भाग गई और घर पहुंच गई थी।
उधर केस में भाई को बचाने की साजिश रचने और बाकी आरोपियों को छुपाने वाले आरोपी अंकुश खन्ना को शनिवार को जमानत मिल गई। कोर्ट ने 20 हजार रुपए के निजी मुचलके पर जमानत दी। कोर्ट ने कहा कि जांच में जरूरत पड़ने पर आना होगा। शुक्रवार को अंकुश खन्ना ने सुल्तानपुरी थाने में सरेंडर किया था। उसने अपने बयान में पुलिस से झूठ बोला था। अंकुश ने कहा था कि हादसे के वक्त कार उसका भाई अमित खन्ना नहीं, बल्कि दीपक चला रहा था। हालांकि बाद में, पुलिस जांच में पता चला कि अमित ही गाड़ी चला रहा था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। बाकी 6 आरोपी पुलिस हिरासत में हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है।