बड़ी खबरः जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सेना ने मार गिराए तीन आतंकी! एके 47 राइफल और 2 पिस्तौल बरामद, कश्मीरी पंडित की हत्या का लिया बदला
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में शोपियां के मुंज मार्ग इलाके में आज सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान सुरक्षाबलों ने लश्कर के तीन आतंकियों को मार गिराया। इनके पास से एक एके 47 राइफल और 2 पिस्तौल बरामद हुईं। एडीजीपी कश्मीर ने बताया कि मारे गए तीनों आतंकी स्थानीय थे। इनमें से दो की पहचान हुई है। आतंकी लतीफ लोन शोपियां का रहने वाला था, जो कश्मीरी पंडित पूरन कृष्ण भट्ट की हत्या में शामिल था और अनंतनाग का उमर नजीर नेपाल के तिल बहादुर थापा की हत्या में शामिल था। दिवंगत पूरन कृष्ण भट्ट की पत्नी ने कहा कि आज शोपियां में एक मुठभेड़ में उनके पति की हत्या में शामिल आतंकवादी को सुरक्षाबलों ने मार गिराया। हमें न्याय मिला है। ऐसा होना ही था, क्योंकि उसने एक निर्दोष व्यक्ति को मार था। सुरक्षा बलों ने अच्छा काम किया। शोपियां के चौदरीगुंड गांव में कश्मीरी पंडित पूरन कृष्ण भट्ट की आंतकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद घाटी के लोगों में जबरदस्त गुस्सा था, उन्होने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। भट्ट उस वक्त घर के ठीक बाहर ही थे, जब आतंकियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने राजौरी जिले में सेना के एक शिविर के बाहर फायरिंग में दो स्थानीय नागरिकों सुरिंदर कुमार और कमल कुमार के मारे जाने की जांच के लिए SIT का गठन किया है। आधिकारिक सूत्रों ने यहां यह जानकारी दी। शुक्रवार को दो नागरिकों की हत्या और एक अन्य के घायल होने के कारण बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए और लोगों ने इस घटना की जांच की मांग की थी।