बड़ी खबरः जम्मू-कश्मीर में सेना का बड़ा एक्शन! मुठभेड़ में मारे गए दो आतंकवादी, सर्च अभियान जारी
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां कुलगाम में बुधवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ जिले के कुज्जर इलाके में शुरू हुई थी। सुरक्षाकर्मियों ने आतंकवादियों के शव बरामद कर लिए हैं और सर्च अभियान जारी है। माइक्रोब्लॉगिंग साइट एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कश्मीर जोन पुलिस ने लिखा कि कुलगाम में 2 आतंकवादी मारे गए। मुठभेड़ स्थल से मारे गए आतंकवादियों के शव बरामद किए जा रहे हैं। सुरक्षा घेरा एवं तलाशी अभियान अभी भी जारी है। उधर राजौरी में आतंकवादियों को पकड़ने का अभियान तीसरे दिन भी जारी रहा। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के कालाकोटे के जंगली इलाके में छिपे संदिग्ध आतंकवादियों का पता लगाने के उद्देश्य से चलाया गया घेराबंदी और तलाशी अभियान बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। यह ऑपरेशन सोमवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के बाद शुरू किया गया था जिसमें सेना के दो जवान घायल हो गए थे।