बड़ी खबरः प्रयागराज की ओर अतीक और अशरफ! बाहुबली अतीक अहमद की यूपी में एंट्री, भाई अशरफ को लेकर शाहजहांपुर पहुंचा यूपी पुलिस का काफिला
नई दिल्ली। यूपी पुलिस का काफिला माफिया अतीक अहमद को गुजरात की साबरमती जेल से प्रयागराज ला रहा है। रविवार देर शाम से लेकर अभी तक यूपी पुलिस का सफर जारी है। काफिले में 2 वज्र वाहन समेत छह गाड़ियां शामिल हैं। अतीक को लाने वाली टीम में 45 पुलिसकर्मी हैं। अतीक को मंगलवार को कोर्ट में उसकी पेशी होनी है। उमेश पाल के अपहरण मामले में अतीक आरोपी है। कोर्ट इस मामले में 28 मार्च को फैसला सुनाएगी। इस मामले में अतीक के भाई अशरफ को भी पेश होना है, पुलिस उसे भी बरेली जेल से प्रयागराज ला रही है। बता दें कि कल प्रयागराज की एमपी एमएलए कोर्ट उमेश पाल अपहरण कांड में अपना फैसला सुनाएगी। 28 फरवरी 2006 को अतीक अहमद ने राजू पाल हत्याकांड में गवाह रहे उमेश पाल का अपहरण करवा लिया था। उसे कर्बला स्थित कार्यालय में ले जाकर अतीक ने रात भर पीटा और फिर उसके लिखित हलफनामे पर दस्तखत करवा लिए थे। अगले दिन अतीक के गुर्गों ने उमेश पाल अदालत में खड़ा किया और उसकी गवाही भी कोर्ट में करवा दी। उमेश पाल ने बयान दिया कि वह घटनास्थल पर मौजूद नहीं था, ना ही उसने किसी को वहां देखा। 28 फरवरी 2006 को उमेश पाल का अपहरण करवा कर 1 मार्च 2006 को उमेश पाल का कोर्ट में बयान करवा दिया गया था, लेकिन सत्ता बदलते ही बसपा सरकार आते ही 5 जुलाई 2007 को उमेश पाल ने अतीक अहमद अशरफ और उसके गुर्गों के खिलाफ धूमनगंज थाने में अपरहण की एफआईआर दर्ज करवा दी थी।