बड़ी खबरः दिल्ली-एनसीआर में बिगड़ा मौसम का मिजाज! फरीदाबाद में झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर समेत कई जगहों पर आज मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिल्ली से सटे फरीदाबाद में तेज बारिश होने के चलते गर्मी से राहत मिली है। फरीदाबाद के कल अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस था। अब बारिश होने से तापमान 35 डिग्री पहुंच गया है और मौसम सुहावना हो गया है। वहीं दिल्ली और नोएडा में भी आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। इससे पहले कल यानी मंगलवार को दिनभर खिली तेज धूप के कारण सात जगह पर लू भी चली, पर देर शाम धूल भरी हवा चलने से भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण बुधवार से चार-पांच दिन तक मौसम का रुख बदला रहेगा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है। बता दें कि मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 43.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 और 28 डिग्री रह सकता है। हवा में नमी का स्तर 53 से 31 प्रतिशत रहा। नजफगढ़ में तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे यह इलाका सबसे गर्म रहा। राष्ट्रीय राजधानी के 22 में से सात मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इन सभी जगह लू चली। शाम होते-होते स्थितियां बदलने लगीं। 48 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूल भरी हवा और छाए बादलों ने शाम को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत दी।