बड़ी खबरः असम में बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या! तनाव के चलते फोर्स और प्रशासनिक अमला तैनात, आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली। असम से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां करीमगंज में रविवार को बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद यहां तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियातन पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर जुटा हुआ है और भीड़ जमा होने पर पाबंदी लगा दी गयी है। खबरों की मानें तो 16 साल के संभू कोइरी की आरोपी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। दोनों में बहस ज्यादा बढ़ गई और आरोपी ने संभू को चाकू मार दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि संभू हैलाकांडी जिले में बजरंग दल के तीन दिन के ट्रेनिंग कैंप में शामिल होने गया था। रविवार को जब वो वहां से लौट रहा था तब उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी और संभू का पहले भी किसी बात को लेकर झगड़ा हो चुका है। दोनों के बीच मारपीट भी हो चुकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।