बड़ी खबरः भारत जोड़ो यात्रा का समापन! राहुल गांधी ने दी भावुक स्पीच, भारी बर्फबारी के बीच कार्यक्रम में जुटे रहे कार्यकर्ता
नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का सोमवार को श्रीनगर में समापन हो गया। इस दौरान भारी बर्फबारी के बीच राहुल गांधी ने समापन मौके पर सम्बोधन दिया। इस दौरान वह भावुक भी हो गए। शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में सम्बोधन के दौरान राहुल गांधी ने मोदी, अमित शाह और आरएसएस का जिक्र किया और भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि मैं अब जम्मू-कश्मीर के लोगों से और सेना-सुरक्षाबलों से कुछ कहना चाहता हूं। मैं हिंसा को समझता हूं। मैंने हिंसा सही है, देखी है। जिसने हिंसा नहीं देखी है, उसे यह बात समझ नहीं आएगी। जैसे मोदीजी हैं, अमित शाहजी हैं, संघ के लोग हैं, उन्होंने हिंसा नहीं देखी है। डरते हैं। यहां पर हम 4 दिन पैदल चले। गारंटी देता हूं कि भाजपा का कोई नेता ऐसे नहीं चल सकता है। इसलिए नहीं कि जम्मू-कश्मीर के लोग उन्हें चलने नहीं देंगे, इसलिए क्योंकि वे डरते हैं। कश्मीरियों और फौजियों की तरह मैंने अपनों को खोने का दर्द सहा है। मोदी-शाह यह दर्द नहीं समझ सकते।
श्रीनगर में सुबह से भारी बर्फबारी हुई। इसके बाद भी कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। सुबह से कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखी गई। उधर, राहुल यहां भी अलग रंग में दिखे। उन्होंने बहन प्रियंका के साथ बर्फबारी का लुत्फ उठाया। दोनों एक-दूसरे पर बर्फ उछालते नजर आए।