बड़ी खबरः पंजाब में बड़े गैंगवार की आहट! दो गैंगस्टर्स के मारे जाने के बाद बढ़ा तनाव, आमने-सामने आ सकते हैं लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया गैंग
नई दिल्ली। रविवार को पंजाब के तरनतारन जिले में स्थित गोइंदवाल की केन्द्रीय जेल में दो गैंगस्टर्स के मारे जाने की खबर सामने आई थी। यह दोनों गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोप में सलाखों के पीछे थे। पुलिस ने जानकारी दी है कि जेल के भीतर इस ही मामले से जुड़े अन्य कैदियों के साथ झगड़े के दौरान इन दोनों की मौत हुई है। पुलिस ने मृतकों की पहचान बटाला निवासी मनदीप सिंह उर्फ तूफान और बठिंडा के बुढलाडा निवासी मनमोहन सिंह उर्फ मोहना के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक झगड़े में शामिल कुछ अन्य कैदियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर इस मामले ने पंजाब में एक नए गैंगवॉर की आहट को पैदा किया है। खबरों की मानें तो जग्गू भगवानपुरिया गैंग के दो लोगों की हत्या की ज़िम्मेदारी गोल्डी बराड़ ने ली है। उसने फेसबुक पर लिखा कि उनकी मौत की जिम्मेदारी लॉरेंस ग्रुप लेता है। हालांकि जग्गू भगवानपुरिया और लॉरेंस बिश्नोई को अच्छा दोस्त माना जाता रहा है। सिद्धू मूसेवाला की हत्या की योजना का आरोप भी इन दोनों गैंग पर ही लगा है।