बड़ी खबरः उत्तराखण्ड पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता संजय मिश्रा! त्रिवेणी घाट पर की पूजा-अर्चना, गंगा को स्वच्छ बनाये रखने की अपील
ऋषिकेश। जाने-माने बॉलीवुड अभिनेता संजय मिश्रा आज सुबह ऋषिकेश स्थित त्रिवेणी घाट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गंगा दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने श्री रघुनाथ मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में शिरकत की। अभिनेता संजय मिश्रा ने ऋषिकेश पहुंचने पर तुलसी मानस मंदिर के महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज और अन्य संतों से आशीर्वाद लिया। इस दौरान ऋषि कुमारों ने वेद मंत्रों के साथ उनका स्वागत किया। महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज ने रघुनाथ मंदिर त्रिवेणी घाट में उनकी पारिवारिक पूजा करा कर मां गंगा का दूध से अभिषेक कराया। संजय मिश्रा ने बताया कि तीर्थ नगरी से मैं संतों का आशीर्वाद लेकर जा रहा हूं। उन्होंने समस्त समाज से अपील की कि गंगा को स्वच्छ बनाकर रखें। गंगा के किनारे पौधारोपण करें। इस कलिकाल में गंगा ही साक्षात प्रमाण है। मुझे मां गंगा ने बुलाया और मेरे परिवार को मां गंगा ने आशीर्वाद दिया। संजय मिश्रा भारतीय सिनेमा जगत में हास्य और चरित्र अभिनेता के रूप में अपनी पहचान रखते हैं। इन्होंने अधिकतर हिन्दी फिल्मों तथा टेलीविजन धारावाहिकों में अभिनय किया है। वर्ष 2015 में इन्हें आंखों देखी के लिए उन्हें फिल्म फेयर क्रिटिक अवार्ड फार बेस्ट एक्टर से नवाजा गया। वह हाल ही में टोटल धमाल में दिखाई दिए।