• Home
  • News
  • Big news: CBSE 12th results out! The wait for over 1.7 million students is over, girls outperformed.

बड़ी खबर: CBSE 12वीं का रिजल्ट जारी! 17 लाख से अधिक छात्रों का इंतजार खत्म, लड़कियां रहीं अव्वल

editor
  • Awaaz Desk
  • May 13, 2026 09:05 AM
Big news: CBSE 12th results out! The wait for over 1.7 million students is over, girls outperformed.

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। परिणाम जारी होते ही लाखों छात्रों और अभिभावकों को राहत मिली। छात्र अपना रिजल्ट सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। इस वर्ष कुल 85.20 प्रतिशत छात्र-छात्राएं परीक्षा में सफल रहे, हालांकि पिछले साल के मुकाबले इस बार पास प्रतिशत में गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में जहां पास प्रतिशत 88.39 प्रतिशत रहा था, वहीं इस बार यह घटकर 85.20 प्रतिशत पर पहुंच गया है। हालांकि, इस बार भी लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86 प्रतिशत रहा, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 82.13 प्रतिशत दर्ज किया गया। यह अंतर एक बार फिर साबित करता है कि शैक्षणिक प्रदर्शन में छात्राएं लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। सीबीएसई द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष 12वीं कक्षा की परीक्षा के लिए कुल 17,80,365 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 17,68,968 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 15,07,109 छात्र सफल घोषित किए गए। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि इस बार भी बड़ी संख्या में छात्रों ने बोर्ड परीक्षा में हिस्सा लिया और अधिकांश ने सफलता हासिल की।

94 हजार से अधिक छात्रों ने बनाए 90% से ज्यादा अंक
सीबीएसई 12वीं परीक्षा के परिणामों में इस बार भी बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। बोर्ड के मुताबिक, 94,028 छात्रों ने 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। वहीं, 17,113 छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर शानदार उपलब्धि दर्ज की है। यह आंकड़े छात्रों की मेहनत और तैयारी के स्तर को दर्शाते हैं।

टॉपर्स लिस्ट नहीं होगी जारी
सीबीएसई ने पिछले वर्षों की तरह इस बार भी टॉपर्स की सूची जारी नहीं करने का फैसला लिया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के बीच अनावश्यक प्रतिस्पर्धा और मानसिक दबाव को कम करने के उद्देश्य से मेरिट लिस्ट सार्वजनिक नहीं की जाएगी। हालांकि, जिन छात्रों ने अपने-अपने विषयों में सबसे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उनमें से टॉप 0.1 प्रतिशत विद्यार्थियों को मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। फिलहाल सीबीएसई 12वीं का परिणाम घोषित होने के साथ ही देशभर में छात्रों के चेहरे पर खुशी और संतोष देखने को मिला। अब सभी की निगाहें आगे की शैक्षणिक और करियर संभावनाओं पर टिक गई हैं।


संबंधित आलेख: