बड़ी खबरः आतंकवाद पर केन्द्र सरकार का बड़ा एक्शन! दो संगठनों पर लगाया प्रतिबंध, चार आतंकियों के नाम किए घोषित
नई दिल्ली। आतंकवाद पर केन्द्र सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। खबरों की मानें तो केन्द्र ने लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के दो प्रतिनिधि संगठनों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही पिछले चार दिनों में चार व्यक्तियों को भी आतंकवादी घोषित किया है। बता दें कि विगत 4 जनवरी को गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी किया था जिसमें कहा गया था कि एजाज अहमद अहंगर उर्फ अबू उस्मान अल-कश्मीरी, कश्मीर में पैदा हुआ आतंकवादी है। इसका अल-कायदा और अन्य वैश्विक आतंकवादी समूहों के साथ संपर्क है और यह भारत में इस्लामिक देश में बदलने की तैयारी कर रहा था। इसे आतंकवादी घोषित किया गया है। अफगानिस्तान में बैठा एजाज अहमद इस समय इस्लामिक स्टेट जम्मू और कश्मीर का प्रमुख नियोक्ताओं में से एक है। 5 जनवरी को गृह मंत्रालय ने पाकिस्तानी आतंकवादी समूह लश्कर-ए-तैयाब के एक प्रतिनिधि संगठन, द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) को प्रतिबंधित संगठन घोषित कर दिया। गृह मंत्रालय ने कहा कि टीआरएफ आतंकवादी गतिविधियों को आगे बढ़ाने, आतंकवादियों की भर्ती, आतंकवादियों की घुसपैठ और पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर में हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए ऑनलाइन माध्यम से युवाओं की भर्ती कर रहा है। साल 2019 यह समूह प्रतिबंधित संगठन लश्कर के प्रतिनिधि के रूप में शुरू हुआ, इसका 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमलों समेत कई आतंकी गतिविधियों में भागीदारी रही है।