• Home
  • News
  • Big News: Congress sounds the nationwide bugle against paper leaks, unemployment, and recruitment scams! Rahul Gandhi to launch a nationwide campaign starting June 17.

बड़ी खबरः पेपर लीक, बेरोजगारी और भर्ती घोटालों के खिलाफ कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी बिगुल! राहुल गांधी 17 जून से शुरू करेंगे देशव्यापी अभियान

editor
  • Awaaz Desk
  • June 13, 2026 08:06 AM
Big News: Congress sounds the nationwide bugle against paper leaks, unemployment, and recruitment scams! Rahul Gandhi to launch a nationwide campaign starting June 17.

नई दिल्ली। देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों, बढ़ती बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। पार्टी ने घोषणा की है कि वह इन मुद्दों को लेकर देशभर में व्यापक जनजागरण अभियान और आंदोलन चलाएगी, जिसके जरिए युवाओं, छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मार्गदर्शन और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में यह राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल में युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ हुआ है और पेपर लीक, परीक्षा घोटालों तथा रोजगार के अवसरों की कमी ने करोड़ों युवाओं को निराश किया है। वेणुगोपाल ने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि उन लाखों छात्रों और युवाओं के संघर्ष को आवाज देने का प्रयास होगा, जिनका भविष्य बार-बार परीक्षा प्रणाली की खामियों और सरकारी विफलताओं के कारण प्रभावित हुआ है। अभियान में छात्र, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा, शिक्षक, युवा संगठन और परीक्षा घोटालों से प्रभावित अभ्यर्थी सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

कोटा से शुरू होगा अभियान
कांग्रेस के अनुसार, इस राष्ट्रव्यापी अभियान का पहला चरण 17 जून को राजस्थान के कोटा से शुरू होगा। कोटा देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों का प्रमुख केंद्र माना जाता है। राहुल गांधी यहां युवाओं और छात्रों से संवाद कर अभियान का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसके बाद राहुल गांधी 10 जुलाई को प्रयागराज (इलाहाबाद), 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में बड़े कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। पार्टी का उद्देश्य इन शहरों के माध्यम से देशभर के युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय बहस का विषय बनाना है। कांग्रेस ने आठ जून को अपने महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक में इस अभियान की रूपरेखा तैयार की थी। बैठक में निर्णय लिया गया था कि नीट परीक्षा विवाद, बेरोजगारी, महंगाई और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित गड़बड़ियों के मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा। पार्टी का मानना है कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दे आज देश के युवाओं की सबसे बड़ी चिंता हैं और इन विषयों पर सरकार को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।

NEET सुधार और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस ने इस अभियान के माध्यम से कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखी हैं। इनमें NEET परीक्षा का विकेंद्रीकरण, परीक्षा शुल्क समाप्त करना, पेपर लीक रैकेट में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग प्रमुख हैं। वेणुगोपाल ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुधारों की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को सुरक्षित और विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने में विफल रही है। कांग्रेस ने बताया कि इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, प्रदेश कांग्रेस कमेटियों, जिला कांग्रेस कमेटियों और स्थानीय इकाइयों को विशेष जिम्मेदारियां दी जाएंगी। संगठन स्तर पर छात्रों और युवाओं तक पहुंचने के लिए बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, स्कूलों, कोचिंग संस्थानों और युवा केंद्रों में संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। सोशल मीडिया अभियान, लाइव स्क्रीनिंग, छात्र संवाद, जनसभाएं और जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
 


संबंधित आलेख: