बड़ी खबरः दिल्ली के डिप्टी सीएम सिसोदिया के लॉकर की तलाशी! सीबीआई की टीम पहुंची पंजाब नेशनल बैंक, पत्नी के साथ सिसोदिया भी पहुंचे
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शराब नीति में गड़बड़ी के मामले में सीबीआई की जांच जारी है। इसी क्रम में आज सीबीआई की टीम वसंधुरा स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंची है, जहां उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के लॉकर की जांच-पड़ताल की जा रही है। उधर सीबीआई की टीम से पहले मनीष सिसोदिया अपनी पत्नी के साथ अपने लॉकर की चाबी लेकर वसुंधरा चार स्थित मेवाड़ कॉलेज के अंदर पीएनबी की शाखा में पहुंच गए थे। बता दें कि सीबीआई ने इससे पहले अगस्त में ही दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर छापामारी की थी। बताया जा रहा है कि सीबीआई ने फिलहाल बैंक के गेट बंद करके जांच शुरू कर दी गई है। ये नियम है कि लॉकर को उसके खाताधारक की अनुमति और उपस्थिति के बिना नहीं खोला जाता है, इसलिए मनीष सिसोदिया और उनकी पत्नी सीमा को यहां बुलाया गया है। भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर दिल्ली में आम आदमी पार्टी और भाजपा एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। इस बीच, AAP और भाजपा विधायकों का सोमवार रात से दिल्ली विधानसभा परिसर में रात भर से धरना प्रदर्शन जारी है। आप विधायकों ने उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली विधानसभा के भीतर धरना दिया।