बड़ी खबरः 22 फरवरी को होगा दिल्ली मेयर का चुनाव! सीएम केजरीवाल के प्रस्ताव को उपराज्यपाल ने दो घंटे में दी मंजूरी
नई दिल्ली। दिल्ली में मेयर चुनाव अब आगामी 22 फरवरी को होगा। मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने आज एलजी को प्रस्ताव भेजकर 22 फरवरी को मेयर चुनाव कराने की मांग की थी, जिसके बाद एलजी ने दो घंटे बाद ही प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसके पहले केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली मेयर चुनाव मामले में एलजी सक्सेना पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सक्सेना ने सुप्रीम कोर्ट में सच्चाई बताने से रोकने की कोशिश की। एलजी ने वकील को लेकर सेक्रेटरी को आदेश दिए और सुप्रीम कोर्ट में दोनों पक्षों के वकील तय किए। एलजी ने वकील तुषार मेहता को वकील बनाया, जबकि वह पहले से ही हमारी सरकार का केस लड़ रहे थे। केजरीवाल ने कहा कि इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि एक ही वकील को दिल्ली सरकार और एलजी का वकील नियुक्त किया गया। एलजी संविधान को कुचल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे उपराज्यपाल के साथ दिल्ली कैसे चलेगी। डिप्टी CM मनीष सिसोदिया ने शनिवार को दावा किया है कि CBI ने रविवार को पूछताछ के लिए बुलाया है। उन्होंने यह जानकारी ट्वीट के जरिए दी है। उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ केंद्र ने CBI, ED की पूरी ताकत लगा रखी है। घर पर रेड, बैंक लॉकर तलाशी, कहीं मेरे खिलाफ कुछ नहीं मिला। मैंने दिल्ली के बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा का इंतजाम किया है। ये उसे रोकना चाहते हैं। मैंने जांच में हमेशा सहयोग किया है और आगे भी करूंगा। दरअसल, दिल्ली आबकारी नीति मामले में जांच चल रही है। इसी सिलसिले में CBI ने सिसोदिया को पूछताछ के लिए बुलाया है।