बड़ी खबरः दिल्ली नगर निगम चुनाव का ऐलान! 4 दिसंबर को होगा मतदान, 7 को खुलेगा प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनाव का ऐलान आज हो गया है। चुनाव आयुक्त विजय देव ने जानकारी देते हुए बताया कि 7 से 14 नवंबर तक नामांकन पत्र भरे जायेंगे, इसके बाद 4 दिसंबर को वोटिंग होगी, जबकि 7 दिसंबर को काउंटिंग होगी। बता दें कि दिल्ली नगर निगम में 250 सीटें हैं इनमें अनुसूचित जाति के लिए 42 सीटें रिजर्व हैं। महिलाओं के लिए 50 फीसदी सीटें रिजर्व होंगी। दिल्ली नगर निगम के वार्डों के परिसीमन के बाद केंद्र सरकार ने 18 अक्टूबर को नोटिफिकेशन जारी किया था। दिल्ली के सभी 250 वार्ड में EVM से वोट डाले जाएंगे। इसके लिए 50 हजार से ज्यादा EVM रखी गई हैं। वोटर की सुविधा के लिए चुनाव में एक लाख से ज्यादा कर्मचारियों की तैनाती होगी। चुनाव में 250 ARO, 2 हजार सेक्टर मजिस्ट्रेट होंगे। 68 जनरल ऑब्जर्वर तैनात होंगे। दिल्ली में आज से ही आचार संहिता लागू हो गई है। अब मॉडल बुक ऑफ कंडक्ट की एक बुकलेट जारी की जाएगी। लाउडस्पीकर के उपयोग पर पर रोक रहेगी। लाउडस्पीकर का यूज करने के लिए परमिशन लेनी होगी। परमीशन लेने के बाद भी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर नहीं बजा सकेंगे। दिल्ली में अवैध रूप से लगे होर्डिंग्स और पोस्टर्स के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।