बड़ी खबरः दिल्ली पुलिस ने पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती को हिरासत में लिया! अतिक्रमण विरोधी अभियान का किया विरोध, बोलीं- जम्मू में गुंडा राज कायम
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती को हिरासत में लिया है। खबरों की मानें तो महबूबा मुफ्ती आज जम्मू-कश्मीर प्रशासन के अतिक्रमण विरोधी अभियान का विरोध करने के लिए विजय चौक पहुंची थीं। इस दौरान उनके कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया है। विरोध करते हुए महबूबा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में गुंडा राज है। इसे अफगानिस्तान की तरह नष्ट किया जा रहा है। साथ ही कार्यकर्ताओं ने बीजेपी हाय हाय के नारे भी लगाए। जम्मू-कश्मीर के 20 जिलों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। कथित सरकारी जमीन को मुक्त कराने के लिए अब तक कई इमारतों पर बुलडोजर चलाया गया है। इसे लेकर स्थानीय लोगों का भी प्रदर्शन जारी है। इस पर मंगलवार को पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन ने कहा था- इस अभियान में धर्म देखकर लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। जिन लोगों पर कार्रवाई हुई है, उनमें से 90-95% लोग मुस्लिम हैं। इससे पहले जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा था कि यह विध्वंस अभियान कश्मीर को फिलिस्तीन से भी बदतर स्थिति में बदल रहा है। केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर को अफगानिस्तान जैसा बनाना चाहती है।