बड़ी खबरः धवन की टीम का धमाल! चेन्नई सुपर किंग्स को चार विकेट से हराया, आखिरी बॉल पर जीती बाजी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग में आज हुए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को चार विकट से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ शिखर धवन की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स ने 9 मैच में 5वीं जीत दर्ज कर ली है। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई टीम की यह लगातार दूसरी हार है। खास बात यह है कि यह आईपीएल इतिहास का मैच नंबर 999 था। मैच में पंजाब टीम 201 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी थी। उसने 6 विकेट गंवाकर यह मैच जीत लिया। मैच में प्रभसिमरन सिंह ने 24 गेंदों पर 42 रनों की पारी खेली, जबकि लियाम लिविंगस्टोन ने 24 गेंदों पर 40 रन बनाए। वहीं चेन्नई के लिए तुषार देशपांडे ने सबसे ज्यादा 3 और रवींद्र जडेजा ने 2 विकेट झटके। चेन्नई के लिए स्टार ओपनर डेवॉन कॉन्वे ने 52 गेंदों पर 92 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 1 छक्के और 16 चौके जमाए। उनके अलावा ऋतुराज गायकवाड़ ने 37 और शिवम दुबे ने 28 रन बनाए। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में पंजाब टीम के लिए अर्शदीप सिंह, सिकंदर रजा, राहुल चाहर और सैम करन ने 1-1 विकेट लिया।