बड़ी खबरः एनकाउंटर में मारा गया खूंखार गैंगस्टर अनिल दुजाना! हत्या और डकैती के कई मामलों में था शामिल, यूपी एसटीएफ को थी तलाश
लखनऊ। यूपी एसटीएफ ने आज मुठभेड़ में खूंखार गैंगस्टर अनिल दुजाना को ढेर कर दिया। बता दें कि अनिल दुजाना ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला था। यूपी एसटीएफ के सूत्रों के मुताबिक अनिल दुजाना किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। इसकी जानकारी एसटीएफ को लगी थी। यूपी एसटीएफ को सूचना मिली थी कि अनिल दुजाना मेरठ में छिपा हुआ है, जिसके बाद टीम ने दबिश डाली। बताया जाता है कि यूपी पुलिस और अनिल दुजाना के बीच सीधी मुठभेड़ हुई, जिसमें एसटीएफ ने अनिल दुजाना को ढेर कर दिया। बता दें कि पिछले हफ्ते ही अनिल दुजाना जेल से छूटा था। इसके बाद उसके खिलाफ आरोप लग रहे थे कि वह अपने खिलाफ गवाही दे रहे गवाहों को धमकाना शुरू कर दिया था। जिसके बाद पुलिस ने अनिल दुजाना की तलाश तेज कर दी। गैंगस्टर अनिल दुजाना बादलपुर के दुजाना गांव का रहने वाला था। दुजाना का असली नाम अनिल नागर था। अनिल दुजाना पर पहला मामला साल 2002 में गाजियाबाद में दर्ज हुआ था। उस पर हरबीर पहलवान नाम के व्यक्ति की हत्या का आरोप लगा था। उसपर हत्या, लूट, रंगदारी, जमीन कब्जा और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज थे। गैंगस्टर और रासुका भी उस पर लग चुका है।