बड़ी खबरः मनीष सिसोदिया से पूछताछ करने तिहाड़ जेल पहुंचे ईडी के अधिकारी! केजरीवाल बोले- देशभक्तों को परेशान करना ठीक नहीं, केरल सीएम ने मोदी को लिखा पत्र
नई दिल्ली। दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में सलाखों के पीछे गए दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदियों से आज मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूछताछ की। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार ईडी ने हैदराबाद के शराब कारोबारी अरुण रामचंद्र पिल्लई को हिरासत में लेने के साथ ही इस मामले में एक नई गिरफ्तारी भी की है। ईडी के अधिकारी धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत सिसोदिया का बयान दर्ज करने के लिए सुबह 11 बजे तिहाड़ जेल पहुंची। वहीं सिसोदिया की गिरफ्तारी को लेकर केरल के सीएम ने पीएम मोदी को पत्र लिखा है। इधर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देशभक्तों को परेशान करना ठीक नहीं है। सिसोदिया से पूछताछ करने का ईडी का आज पहला दिन है। इससे पहले भी इस मामले में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। बीते दिन ही शराब नीति मामले में आप नेता मनीष सिसोदिया की कोर्ट में पेशी हुई थी। कोर्ट ने कल ही उन्हें 20 मार्च तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। सीबीआई ने अदालत से कहा था कि उसे आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सिसोदिया की हिरासत की अब जरूरत नहीं है। सिसोदिया को विशेष न्यायाधीश एम के नागपाल के समक्ष पेश किया गया था। सिसोदिया को इस मामले में सीबीआई ने पिछले महीने गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। पिल्लई को लंबी पूछताछ के बाद सोमवार शाम धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया था। इस मामले में कथित तौर पर शराब कारोबारियों के ‘सोइथ ग्रुप’ का प्रतिनिधित्व करने वाला व्यवसायी ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने वाला 11वां व्यक्ति है।