बड़ी खबरः दिल्ली शराब घोटाला मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई! दिल्ली-पंजाब सहित तीन राज्यों में 35 जगहों पर छापेमारी, मचा हड़कंप
नई दिल्ली। दिल्ली शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए कई जगहों पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि ईडी की टीमें आज सुबह दिल्ली, पंजाब और आंध्र प्रदेश पहुंची और इन तीनों राज्यों में करीब 35 जगहों पर छापेमारी की जा रही है। ईडी इस मामले में तीसरी बार छापेमारी कर रही है। अब तक करीब 100 ठिकानों पर छापेमारी हो चुकी है। बता दें कि इस मामले में शराब कारोबारी समीर महेंद्रू और आम आदमी पार्टी के संचार प्रभारी विजय नायर को गिरफ्तार किया जा चुका है। शराब घोटाला केस में 17 अगस्त को एफआईआर दर्ज की गई थी। सीबीआई के मुताबिक, नायर ने नई आबकारी नीति बनाने और शराब की सप्लाई और बिक्री को चंद कंपनियों तक सीमित करने की धांधली में अहम भूमिका निभाई थी। इस सिलसिले मे दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के घर भी छापेमारी की जा चुकी है। गौरतलब है कि दिल्ली की नई आबकारी नीति पर सवाल उठाए जा रहे थे। इसको देखते हुए उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। उनकी सिफारिश के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया था।