बड़ी खबरः लैंड फार जाब स्कैम केस में ईडी का बड़ा एक्शन! लालू यादव के करीबियों के ठिकानों पर छापेमारी, दिल्ली में तेजस्वी के घर पहुंची टीम
नई दिल्ली। लैंड फार जाब स्कैम केस में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आज लालू यादव के करीबियों के ठिकानों पर छापेमारी की है। खबरों की मानें तो दिल्ली, मुंबई, नोएडा और पटना समेत 15 जगहों पर कार्रवाई चल रही है। इस दौरान पटना में आरजेडी के पूर्व विधायक के अबू दोजाना के घर पर भी ईडी की टीम पहुंची है। यहां भी तलाशी ली जा रही है। पूर्व एमएलए अबू दोजाना लालू के करीबी हैं। पेशे से बिल्डर हैं। बताया जा रहा है कि लालू यादव की तीन बेटियों के घर भी रेड की गई है। हेमा, रागिनी और चंदा का घर दिल्ली में है, जिनके घर पर ED की टीम मौजूद है। सूत्रों की मानें तो बिहार के उप मुख्यमंत्री और लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव के दिल्ली आवास पर भी ED की टीम पहुंची है। अबू दुजाना के घर आय से अधिक संपत्ति मामले में ED ने रेड मारी है। सुबह 6 बजे ED के 12 अफसर उनके घर पहुंचे। छापेमारी के दौरान अबू दुजाना घर की बालकनी में आए और कहा कि ये कार्रवाई राजनीतिक साजिश है। इस दौरान अधिकारियों ने सभी लोगों को घर के अंदर ही रहने की हिदायत दी। इस मामले में अधिकारी कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। दुजाना आरजेडी के पूर्व विधायक हैं। वे सुरसंड से पिछला चुनाव हार गए गए थे।