• Home
  • News
  • Big News: Encounter between police and criminals in Uttarakhand at midnight! Two notorious history-sheeters injured in retaliatory fire; a pistol and cartridges recovered.

बड़ी खबरः उत्तराखण्ड में आधी रात को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़! जवाबी फायरिंग में दो शातिर हिस्ट्रीशीटर घायल, पिस्टल और कारतूस बरामद

editor
  • Awaaz Desk
  • November 01, 2026 06:11 AM
Big News: Encounter between police and criminals in Uttarakhand at midnight! Two notorious history-sheeters injured in retaliatory fire; a pistol and cartridges recovered.

देहरादून। राजधानी के कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। नयागांव के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहे बाइक सवार दो बदमाशों को पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दबोच लिया। क्रॉस फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है, जबकि बदमाशों की गोली से पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है। पकड़े गए दोनों आरोपी हरिद्वार जनपद के रुड़की के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर हैं, जिनके खिलाफ गैंगस्टर समेत दर्जनों संगीन मुकदमे दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार, पटेलनगर पुलिस की टीम नयागांव के पास सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट देखकर उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे रुकने के बजाय बुडपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी करते हुए उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे एक गोली पुलिस वाहन पर जा लगी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे बाइक समेत गिर पड़े। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। घायल बदमाशों को तत्काल हिरासत में लेकर उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर दोनों के स्वास्थ्य व स्थिति की जानकारी ली। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, जिंदा व खोखा कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक बरामद की गई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी देर रात किसी बड़ी नकबजनी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में निकले थे। दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, शमीम के खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा और शहजाद के खिलाफ देहरादून व हरिद्वार में कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पहले भी जेल जा चुके हैं और उन पर गैंगस्टर एक्ट भी लग चुका है। पुलिस अब इनके नेटवर्क और हालिया वारदातों की गहनता से पड़ताल कर रही है।
 


संबंधित आलेख: