बड़ी खबरः कुबेरेश्वर धाम में पांच दिन में पांच लोगों की मौत! सोमवार को महिला और पुलिस कर्मी की जान गई, रुद्राक्ष महोत्सव में हुए थे शामिल
नई दिल्ली। सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में सोमवार को दो और लोगों की मौत हो गई। इनमें एक महिला और एक पुलिसकर्मी शामिल है। बता दें कुबेरेश्वर धाम में रुद्राक्ष महोत्सव चल रहा है, जिसमें शामिल होने लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कुबेरेश्वर धाम में 5 दिन में 5 लोगों की मौत हो चुकी है। खबरों के अनुसार उत्तर प्रदेश के झांसी की पूनम ठाकुर पत्नी सत्य प्रकाश ठाकुर रुद्राक्ष महोत्सव में शामिल होने कुबेरेश्वर आई थीं। बताया जा रहा है कि अचानक तबीयत खराब होने से शाम करीब साढ़े 4 बजे उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि मृतक महिला को कुबेरेश्वर धाम की एम्बुलेंस से लाया गया था। महिला के अलावा एक पुलिसकर्मी की मौत भी हुई है। जानकारी के अनुसार इंदौर के खजराना पुलिस थाने में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ श्याम मीणा की ड्यूटी कुबेरेश्वर धाम में लगाई गई थी, जहां उनकी मृत्यु हो गई है। बताया गया है कि प्रधान आरक्षक श्याम मीणा की मौत हार्ट अटैक आने के कारण हुई है।