बड़ी खबरः चार साल बाद पाक के पूर्व पीएम की वतन वापसी! लाहौर में करेंगे बड़ी रैली, देश की स्थिति पर कही बड़ी बात
नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ आज चार साल बाद वापस वतन पहुंचे। वह पिछले 4 साल से ब्रिटेन में रह रहे थे। खबरों की मानें तो नवाज शरीफ ने उम्मीद-ए-पाकिस्तान चार्टर्ड विमान से दुबई से इस्लामाबाद के लिए दोपहर डेढ़ बजे उड़ान भरी थी। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज सुप्रीमो के आगमन पर उनकी कानूनी टीम ने उनसे मुलाकात की। दुबई एय़रपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए नवाज शरीफ ने कहा कि उनकी पार्टी नकदी संकट से जूझ रहे देश को मौजूदा संकट से बाहर निकालने में सक्षम है। शरीफ ने कहा कि मैं आज 4 साल बाद पाकिस्तान वापस जा रहा हूं। जब मैं पाकिस्तान छोड़कर विदेश जा रहा था, तो मुझे खुशी का कोई एहसास नहीं था लेकिन आज मैं खुश हूं। उन्होंने कहा कि बहुत अच्छा होता अगर देश की स्थिति 2017 की तुलना में आज बेहतर होती। नवाज शरीफ ने कहा कि देश की स्थिति देखकर मैं बहुत चिंतित और निराश हो जाता हूं। जिस देश को आगे बढ़ना था, वह अब आर्थिक और एकता की दृष्टि से पीछे जा रहा है। नवाज शरीफ की पार्टी उनकी घर वापसी को पाकिस्तान के लिए एक नई उम्मीद के तौर पर देख रही है। जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं को बुलावा नहीं दिया गया था, लेकिन दर्जनों समर्थक इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने उनका बायोमेट्रिक्स भी लिया। पीएमएल-एन सुप्रीमो की कानूनी टीम में पूर्व कानून मंत्री आजम तरार शामिल हैं।