• Home
  • News
  • Big news: Fraud in the name of online job! Police was also surprised to see the transactions in the accounts, Rs 60 crore found

बड़ी खबरः ऑनलाइन जॉब के नाम पर ठगी! खातों का लेनदेन देख पुलिस भी रह गयी हैरान, मिले 60 करोड़ रुपए

editor
  • Awaaz Desk
  • December 30, 2023 05:12 AM
Big news: Fraud in the name of online job! Police was also surprised to see the transactions in the accounts, Rs 60 crore found

नई दिल्ली। ऑनलाइन फर्जी जॉब का ऑफर देकर लोगों को ठगने वाले दो आरोपियों को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने गुजरात से दो साइबर जालसाजों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने कथित तौर पर आसान ऑनलाइन नौकरी की पेशकश करके लोगों को धोखा दिया था। हैरानी की बात ये है कि आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों में तीन महीने में 60 करोड़ रुपये का वित्तीय लेनदेन किया गया है और पुलिस ने इन खातों में 1.1 करोड़ रुपये फ्रीज कर दिए हैं।

जांच तब शुरू हुई जब यहां वीरमाता जीजाबाई टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट के छात्रावास में रहने वाले एक 19 साल के छात्र ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे अज्ञात लोगों ने नौकरी के नाम पर धोखा दिया है। छात्र ने अपनी शिकायत में कहा था कि उन्होंने व्हाट्सएप के माध्यम से उससे संपर्क किया और उसे अच्छे पैसों के साथ पार्ट टाइम ऑनलाइन काम की पेशकश की। शिकायत में कहा गया है कि फिर उसे एक टेलीग्राम चैनल में जोड़ा गया।

बाद में जालसाजों ने उसे बेहतर रिटर्न का वादा करते हुए अलग-अलग खातों में पैसे जमा करने के लिए कहा। छात्र ने पुलिस को बताया कि इससे पहले कि उसे पता चलता कि यह एक फर्जीवाड़ा है उसने इस तरह 2.45 लाख रुपये गंवा दिए। इसके बाद माटुंगा पुलिस ने उन बैंक खातों से अपराधियों का पता लगाया, जिनमें पैसे जमा किए गए थे और एक दिन पहले गुजरात के गांधीनगर से रूपेश ठक्कर (33) और पंकज भाई ओड (34) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 33 डेबिट/क्रेडिट कार्ड, विभिन्न बैंकों की 32 चेक बुक, छह मोबाइल फोन और 28 सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।


संबंधित आलेख: