बड़ी खबरः जेल में नहीं खुली हवा में दीवाली मनायेंगे गुरमीत राम रहीम! 40 दिन की पैरोल मिली, कड़ी सुरक्षा के बीच बागपत आश्रम पहुंचे
नई दिल्ली। हरियाणा के रोहतक की सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को 40 दिन की पैरोल मिलने के बाद वो जेल से बाहर आ गया है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। अब राम रहीम की दीवाली जेल में नहीं बल्कि खुली हवा में मनेगी। बता दें कि कड़ी सुरक्षा के बीच राम रहीम को उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित आश्रम ले जाया गया है। संभावना है कि पैरोल पर बाहर रहने के दौरान वो डेरा सच्चा सौदा आश्रम में ही रहेगा। यह कदम आदमपुर विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले उठाया गया है। आदमपुर में तीन नवंबर को उपचुनाव होने हैं। इससे पहले, डेरा प्रमुख को जून में एक महीने की पैरोल पर रिहा किया गया था और फरवरी में उसकी तीन सप्ताह की फर्लो मंजूर की गई थी। इस दौरान राम रहीम को 21 दिनों की पैरोल मिली थी। इससे पहले अपनी मां के बीमार होने पर भी उसे आपातकालीन पैरोल मिली थी, जिसमें वो सुबह से शाम तक जेल से बाहर रहा था। बता दें कि फरवरी में जब राम रहीम को पैरोल मिली थी तब उसने अपनी जान को खतरा बताया था। इस दौरान सरकार ने उसे जेड प्लस सुरक्षा भी मुहैया कराई थी। इस पैरोल के दौरान उसका अधिकतर समय गुरुग्राम के आश्रम में बीता था।