बड़ी खबरः युद्ध के बीच हमास को पहुंची तगड़ी चोट! इजरायली स्ट्राइक में मारा गया ग्लाइडर्स को डायरेक्शन देने वाला कमांडर
नई दिल्ली। इजरायल-हमास युद्ध के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। खबरों की मानें तो इजरायल रक्षा बलों ने दावा किया है कि हवाई हमले में हमास के हवाई समूह के प्रमुख अबू मुराद की मौत हो गई है। इजरायली रक्षा बलों ने हमले में एक मुख्यालय को निशाना बनाया गया जहां से आतंकवादी समूह अपनी हवाई गतिविधि को नियंत्रित करता था। इजरायल ने कहा कि अबू मुराद ने पिछले हफ्ते इजरायल में हमास के हमले के दौरान आतंकवादियों को निर्देशित करने में एक बड़ी भूमिका निभाई थी, जिसमें हमास के लड़ाके हैंग ग्लाइडर्स के जरिए इजरायल में प्रवेश किए थे। आईडीएफ ने कहा कि उसने शनिवार को रात भर अलग-अलग हमलों में हमास के कमांडो बलों से संबंधित दर्जनों ठिकानों को निशाना बनाया, जिन्होंने 7 अक्टूबर को इजरायल में घुसपैठ की थी। हमास ने 7 अक्टूबर को इजरायल पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए थे जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए थे। तब से, हमले में इजरायल में 1,300 से अधिक लोग मारे गए हैं जबकि इजरायली जवाबी हवाई हमलों में गाजा में 1,530 से अधिक लोग मारे गए हैं। इजरायल ने दावा किया है कि इजरायल के अंदर लगभग 1,500 हमास आतंकवादी मारे गए। बता दें कि इजरायल ने शुक्रवार को गाजा में रहने वाले लोगों को 24 घंटे के भीतर गाजा छोड़ने का आदेश दिया था। हमास के ठिकानों पर इजरायल लगातार बमबारी कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, 400,000 से अधिक गाजावासियों को पट्टी के दक्षिणी भाग में ले जाया गया है। इजरायली सेना अब गाजा में चारों तरफ से ग्राउंड ऑपरेशन करने की तैयारी में है।