बड़ी खबरः कोरोना के बढ़ते मामलों ने बढ़ाई टेंशन! नए वैरिएंट के 109 मरीज मिले, सबसे ज्यादा गुजरात में 36 केस
नई दिल्ली। देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 529 नए मामले दर्ज किए गए हैं। अब देशभर में में एक्टिव मरीजों की संख्या 4,093 हो गई है। मंत्रालय के सुबह 8 बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार 24 घंटे में कोरोना के तीन मरीजों की मौत हुई है। इसमें दो मरीज कर्नाटक और एक मरीज गुजरात से हैं। इस बीच कोविड-19 के सब-वैरिएंट जेएन-1 के 40 नए केस दर्ज किए गए है। बता दें कि 26 दिसंबर तक देशभर में नए वैरिएंट के केसों की संख्या बढ़कर 109 हो गई थी। सरकार की ओर से जारी आंकड़ों में कहा गया है कि गुजरात में 36, कर्नाटक में 34 और गोवा में 14, महाराष्ट्र में 9, केरल में 6, राजस्थान और तमिलनाडु में 4-4 और तेलंगाना में नए वैरिएंट के 2 केस सामने आए हैं। सब-वैरिएंट के ज्यादातर मरीज फिलहाल होम आइसोलेशन में हैं। JN.1 सब-वैरिएंट की पहली बार पहचान अगस्त में की गई थी। यह ओमिक्रॉन का सब-वैरिएंट BA.2.86 से बना है। 2022 की शुरुआत में BA.2.86 ही कोरोना के मामलों में वृद्धि का कारण था। BA.2.86 व्यापक रूप से नहीं फैला था, लेकिन इसने विशेषज्ञों को चिंतित कर दिया था क्योंकि BA.2.86 के स्पाइक प्रोटीन पर अतिरिक्त म्यूटेशन हुए थे और उसी तरह JN.1 के स्पाइक प्रोटीन में भी एक अतिरिक्त म्यूटेशन है।