• Home
  • News
  • Big news: Karnataka assembly elections will be held in one phase! Voting will be held on 10th May, results will come on 13th

बड़ी खबरः एक चरण में होंगे कर्नाटक विधानसभा चुनाव! 10 मई को होगा मतदान, 13 को आयेंगे नतीजे

editor
  • Awaaz24x7 Team
  • March 29, 2023 07:03 AM
Big news: Karnataka assembly elections will be held in one phase! Voting will be held on 10th May, results will come on 13th

नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। इसको लेकर आज मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि राज्य में एक चरण में 10 मई को मतदान होगा और नतीजे 13 मई को आएंगे। कर्नाटक विधानसभा चुनाव को 2024 का सेमीफाइनल माना जा रहा है। जहां बीजेपी दक्षिण भारत में अपने इकलौते दुर्ग को बचाए रखने की जद्दोजहद में जुटी है तो कांग्रेस मिशन-साउथ के तहत कर्नाटक की सत्ता में वापसी के लिए बेताब है। जेडीएस एक बार फिर से किंगमेकर बनने के लिए हाथ-पैर मार रही है। कर्नाटक के चुनाव पर सिर्फ राज्य के लोगों की ही नहीं बल्कि देश भर की निगाहें हैं। कर्नाटक में 24 मई को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। यहां पिछली बार मई 2018 में विधानसभा चुनाव हुए थे। कर्नाटक में 224 विधानसभा सीटें हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 104 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, कांग्रेस ने 80 और जेडी(एस) ने 37 सीटें जीती थीं। 2018 में किसी भी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिला था। ऐसे में कांग्रेस और जेडीएस ने मिलकर सरकार बनाई थी। जेडीएस नेता कुमारस्वामी गठबंधन सरकार में मुख्यमंत्री बने थे, लेकिन करीब 14 महीने बाद कई कांग्रेसी विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था और बीजेपी के साथ आ गए थे। इससे कुमारस्वामी सरकार गिर गई थी। इसके बाद बीजेपी ने बीएस येदियुरप्पा के नेतृत्व में सरकार बनाई थी। हालांकि, दो साल बाद येदियुरप्पा ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद बसवराज बोम्मई राज्य के सीएम बने।


संबंधित आलेख: