बड़ी खबरः लैंड फार जाब स्कैम का मामला! सीबीआई दफ्तर पहुंचे बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, बहन मीसा ईडी के सामने होंगी पेश
नई दिल्ली। लैंड फार जॉब स्कैम मामले में बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव आज पूछताछ के लिए सीबीआई दफ्तर पहुंचे हैं। इस दौरान उनकी बहन और राजद सांसद मीसा भारती ई़़डी के सामने पेश होंगी। इससे पहले तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने हमेशा जांच एजेंसियों का सहयोग किया है, लेकिन जो देश में माहौल है, वह आप देख रही रहे हैं। झुकना आसान हो गया है, जबकि लड़ना बहुत मुश्किल है, लेकिन हमने इसके खिलाफ लड़ने का फैसला किया है। हम लड़ेंगे और जीतेंगे। बता दें, तेजस्वी सीबीआई दफ्तर पहुंच गए हैं, जहां उनसे लैंड फार जॉब स्कैम मामले में पूछताछ की जाएगी।' सीबीआई ने कथित भूमि-नौकरी घोटाले के संबंध में दायर अपनी पहली चार्जशीट में कहा है कि भर्ती के लिए भारतीय रेलवे के निर्धारित मानदंडों और प्रक्रियाओं का उल्लंघन करते हुए मध्य रेलवे में उम्मीदवारों की अनियमित नियुक्तियां की गईं। सीबीआई ने कहा कि उम्मीदवारों ने सीधे या अपने निकट संबंधियों/परिवार के सदस्यों के माध्यम से नौकरी के बदले लालू प्रसाद यादव (तत्कालीन केंद्रीय रेल मंत्री) के परिवार के सदस्यों को प्रचलित बाजार दरों के 1/4 से 1/5 तक अत्यधिक रियायती दरों पर जमीन बेची। सीबीआई ने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने रेलवे में नियुक्ति दिलाने के एवज में उम्मीदवारों और उनके परिवार के सदस्यों के स्वामित्व वाली जमीनें अपनी पत्नी राबड़ी देवी और मीसा भारती के नाम पर हस्तांतरित करा लीं, जो प्रचलित सर्किल दरों के साथ-साथ प्रचलित बाजार दरों से भी काफी कम थीं।