बड़ी खबरः 16 दिन के भीतर फिर प्रयागराज लाया जा रहा माफिया अतीक अहमद! साबरमती जेल से निकला यूपी पुलिस का काफिला, फिर सताने लगा एनकाउंटर का डर
नई दिल्ली। 16 दिनों के अंतराल में माफिया अतीक अहमद को एक बार फिर अहमदाबाद की साबरमती जेल से प्रयागराज ले जाया जा रहा है। इस बार माफिया अतीक खौफ में दिखा और उसने साबरमती जेल से निकलते ही कहा कि ये लोग मुझे मारना चाहते हैं। बताया जा रहा है कि प्रयागराज पुलिस अपने साथ उन्हीं गाड़ियों को लेकर पहुंची है, जो पिछली बार लेकर आई थी। कई घंटों की कागजी कार्रवाई के बाद अतीक को साबरमती जेल से बाहर निकाला गया है। अतीक अहमद को इस बार काफी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लाया जा रहा है। पुलिस वैन में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। उसे बॉयोमैट्रिक लॉक वाले पुलिस वैन में रखा गया है, जिसका एक्सेस कुछ ही पुलिसकर्मियों को दिया गया है। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को बॉडी वोर्न कैमरा पहनाया गया है। कई जवान बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर मुस्तैद हैं।
एक बार फिर यूपी का सबसे बड़ा डॉन अतीक अहमद सवा बारह सौ किलोमीटर के सफर पर निकल गया है। उमेश पाल हत्याकांड के मास्टरमाइंड की आंखों में खौफ दिखाई दे रहा है और जुबां पर दहशत, जैसा पिछली बार दिखा था। अतीक ने जेल से निकलते ही कहा था कि कोर्ट के कंधे पर रखकर मुझे मारना चाहते हैं। इस बार भी अतीक अहमद को उसी रूट से लाया जा रहा है। साबरमती जेल से राजस्थान के उदयपुर, मध्यप्रदेश के शिवपुर होते हुए झांसी के रास्ते प्रयागराज लाया जाएगा। अतीक को पहले लाने वाली पुलिस टीम ही इस बार भी भेजी गई है। पुलिस की टीम में प्रभारी निरीक्षक और 30 कॉन्स्टेबल मौजूद हैं। इसके अलावा एक जीप और दो बंदी रक्षक वाहन भी भेजा गया है। पिछली बार अतीक को उमेश पाल अपहरण कांड में पेशी के लिए प्रयागराज ले जाया गया था। एमपी-एमएलए कोर्ट ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। अब अतीक पर उमेश पाल मर्डर केस में भी शिकंजा कसना शुरू हो गया है।