बड़ी खबरः कर्नाटक और महाराष्ट्र में 44 जगहों पर NIA की छापेमारी! खंगाले दस्तावेज, 13 लोग गिरफ्तार
नई दिल्ली। आईएसआईएस आतंकी साजिश मामले को लेकर आज शनिवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कर्नाटक और महाराष्ट्र में 44 स्थानों पर छापेमारी की है। इस दौरान 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने सभी संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी ली। दस्तावेजों की पड़ताल की गई। बताया जा रहा है कि संदिग्धों के ठिकानों पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की गई। सूत्रों ने बताया कि आज सुबह से एनआईए द्वारा मारे गए कुल 44 स्थानों में से एजेंसी के अधिकारियों ने कर्नाटक में एक, पुणे में दो, ठाणे ग्रामीण में 31, ठाणे शहर में नौ और भयंदर में एक जगह की तलाशी ली। उन्होंने बताया कि आतंकवाद रोधी एजेंसी के अधिकारियों ने महाराष्ट्र और कर्नाटक के पुलिस बलों के साथ करीबी समन्वय में इन स्थानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान बतौर सबूत क्या सब पाए गए इसके बारे में खुलासा नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि जांच अधिकारियों ने दस्तावेजों की बारीकी से जांच पड़ताल की। एनआईए ने भिवंडी के पडघा गांव में बड़ा ऑपरेशन चलाया। महाराष्ट्र एटीएस की मदद से एनआईए ने 7 से 8 लोगों को हिरासत में लिया।पड़घा गांव एनआईए के रडार पर था। पडघा गांव से दो से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था।