बड़ी खबरः ईडी दफ्तर पहुंची नोरा फतेही! 200 करोड़ रुपए के मनी लांड्रिंग मामले में पूछताछ, पहले भी हो चुकी है पेशी
नई दिल्ली। 200 करोड़ रुपए के मनी लांड्रिंग मामले में आज बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दफ्तर पहुंची। इस मामले में उनसे पहले भी कई बार पूछताछ हो चुकी है। उस दौरान नोरा ने जांच एजेंसी को बताया था कि उनके जीजा बॉबी को ठग सुकेश चंद्रशेखर ने 65 लाख रुपए की बीएमडब्ल्यू कार गिफ्ट की थी। वो सुकेश से हमेशा वॉट्सऐप के जरिए ही बातचीत करती थीं। ईडी ने इस मामले में दायर अपने पहले के आरोपपत्र में एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज को एक आरोपी के रूप में पेश किया था, जबकि फतेही का बयान उसी अभियोजन पक्ष की शिकायत में शामिल था। ईडी का आरोप है कि 32 साल के चंद्रशेखर ने जैकलीन फर्नांडीज के लिए खरीदे गए उपहार में अवैध धन का इस्तेमाल किया था। इस पैसे को उन्होंने फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह सहित हाई-प्रोफाइल लोगों को धोखा देकर कमाया था। चंद्रशेखर पर आरोप है कि 200 करोड़ की उगाही उन्होंने जेल में रहते हुए किया। फिलहाल आरोपी ईडी की गिरफ्त में है। इस मामले में नोरा फतेही के अलावा जैकलीन फर्नांडीज से भी गहन पूछताछ हो चुकी है। ईडी ने अपनी चार्जशीट में एक्ट्रेस को आरोपी बनाया था। पिछले महीने जैकलीन को 2 लाख रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की जमानत पर जमानत दी गई थी। बता दें कि इस हफ्ते की शुरुआत में, पुलिस ने पिंकी ईरानी को गिरफ्तार किया था, जिसके बारे में कहा जाता है कि उसने जैकलीन फर्नांडीज को सुकेश चंद्रशेखर से मिलवाया था। ईडी के मुताबिक, जैकलीन फर्नांडीज और नोरा फतेही को कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से कई लग्जरी कारें और अन्य महंगे उपहार मिले थे।