बड़ी खबरः अब हिमाचल की धरती डोली! मंडी-कुल्लू सहित जगहों पर महसूस किए गए भूकंप के झटके, 4.1 रही तीव्रता
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में बुधवार देर रात कई जगह भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस दौरान मंडी और कुल्लू सहित हमीरपुर के कुछ हिस्सों में भूकंप की खबर सामने आ रही है। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.1 मापी गई। बताया जा रहा है कि भूकंप का केंद्र मंडी जिले का जोगेंद्रनगर रहा। भूकंप रात करीब साढ़े 9 बजे आया। हिमाचल प्रदेश सिसमिक जोन में आता है। ऐसे में अचानक सब कुछ हिलता देखकर लोग डर गए। हालांकि झटके हल्के होने से किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए। गाड़ियां सड़कों पर रू़क गईं। लंबी लाइनें लग गईं। जानकारी के अनुसार, भूकंप के झटके लगभग 5 सेकेंड तक महसूस किए गए। मंडी सहित कुल्लू जिले के अधिकतर इलाकों और जोगेंद्रनगर से लगते क्षेत्रों में इसका प्रभाव ज्यादा रहा। भूकंप के कारण लोगों के घरों में कहीं पंखे हिलने लगे। वहीं, कुछ घरों के बर्तन और दीवारों पर लगी तस्वीरें भी हिल गईं। दिल्ली-NCR में बीते शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.4 दर्ज की गई थी। इसका केंद्र नेपाल था। इससे पहले मंगलवार को भी यहां भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इसका केंद्र भी नेपाल में था। उत्तराखंड में भी शनिवार शाम 4 बजकर 25 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.4 थी। भूकंप के झटके लगते ही लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए थे।