बड़ी खबरः बिहार में अब नालंदा में भड़की हिंसा! रामनवमी के दूसरे दिन शोभायात्रा पर पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी के बाद तनाव
नई दिल्ली। बिहार के सासाराम के बाद अब नालंदा में भी शोभायात्रा पर पथराव की खबर सामने आई है। रामनवमी के दूसरे दिन बजरंग दल व विश्व हिन्दू परिषद द्वारा आयोजित शोभायात्रा पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। इसके बाद कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें सात लोग गोली लगने से घायल हो गए हैं। खबरों की मानें तो एक यात्री बस सहित दर्जन भर छोटे-बड़े वाहन के अलावा तकरीबन आधा दर्जन दुकानों में उपद्रवियों ने आग लगा दी और तोड़फोड़ की। इसके बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार लहेरी थाना क्षेत्र के गगन दीवान मोहल्ले के समीप कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक शोभायात्रा पर पथराव कर दिया। जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद भरावपर स्थित एशिया होटल के समीप भी बदमाशों ने जमकर उपद्रव किया। कई जगहों पर तोड़फोड़ की सूचना मिल रही है। पूरे शहर में अफवाह का माहौल है।