बड़ी खबरः NSA बोर्ड का पुनर्गठन! पूर्व रॉ प्रमुख आलोक जोशी बनाए गए चेयरमैन

नई दिल्ली। भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड का पुनर्गठन किया गया है। पूर्व रॉ प्रमुख आलोक जोशी को बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके सदस्यों में सैन्य सेवाओं से रिटायर्ड अधिकारी-पूर्व पश्चिमी वायु कमांडर एयर मार्शल पीएम सिन्हा, पूर्व दक्षिणी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एके सिंह और रियर एडमिरल मोंटी खन्ना शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व आईपीएस राजीव रंजन वर्मा और मनमोहन सिंह व पूर्व आईएफएस अधिकारी बी वेंकटेश वर्मा सात सदस्यीय बोर्ड में शामिल किए गए हैं।
इधर आज प्रधानमंत्री के आवास पर सीसीएस की बैठक के साथ-साथ दो अतिरिक्त बैठकें बुलाई गईं, जिसमें राजनीतिक मामलों की कैबिनेट समिति और आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक शामिल है। आज शाम 4 बजे इसे लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस किया जाएगा। बता दें कि दूसरी सीसीएस की बैठक में पहलगाम घटना के मद्देनजर सुरक्षा तैयारियों पर चर्चा की गई। सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की पिछली बैठक 23 अप्रैल को हुई थी और उसमें पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई थी।