बड़ी खबरः धनतेरस पर पीएम मोदी ने लांच की रिक्रूटमेंट ड्राइव! 75 हजार 226 युवाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र, 38 मंत्रालयों में होंगी भर्तियां
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज धनतेरस पर मेगा रिक्रूटमेंट ड्राइव की लॉन्चिंग की। इसके तहत 50 केंद्रीय मंत्रियों ने अलग-अलग लोकेशन पर 75 हजार 226 युवाओं को नियुक्ति पत्र यानी अपॉइंटमेंट लेटर सौंपे। इस ड्राइव के जरिए अगले डेढ़ साल यानी दिसंबर 2023 तक 10 लाख युवाओं को नौकरी देने का टारगेट है। समारोह के दौरान PM ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारत की युवा शक्ति के लिए महत्वपूर्ण दिन हैं। बीते 8 वर्ष में देश में रोजगार और स्वरोजगार का जो अभियान चल रहा है, आज उसमें एक और कड़ी जुड़ी रही है। ये कड़ी रोजगार मेले की है। आज केंद्र सरकार 75000 युवाओं को नियुक्ति पत्र दे रही है। आज केंद्र सरकार आजादी के 75 वर्ष को ध्यान में रखते हुए 75 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दे रही है। पिछले कई वर्षों में भी लाखों युवाओं को भी नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। अब हमने सोचा कि इकट्ठे नियुक्ति पत्र देने की परंपरा शुरू की जाए, ताकि डिपार्टमेंट्स में भी टाइम बाउंड प्रक्रिया अपनाने की परंपरा बने। आने वाले समय में भी युवाओं को इसी तरह नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। केंद्र सरकार की तरफ मिलने वाली 10 लाख नौकरियों के लिए केंद्र सरकार के 38 मंत्रालयों और विभागों में खाली पदों का डेटाबेस तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री ने इसी साल जून में मंत्रालयों और विभागों में मैन पावर की समीक्षा की थी। इसके बाद ही मेगा रिक्रूटमेंट ड्राइव शुरू करने का फैसला लिया गया।